रामगढ़: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन के द्वारा सोमवार को गुरु नानक पब्लिक स्कूल में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सबसे पूर्व विधायक रामगढ़ ममता देवी विधायक मांडू जयप्रकाश भाई पटेल, उपायुक्त रामगढ़ माधवी मिश्रा, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त नागेंद्र कुमार सिन्हा, वन प्रमंडल पदाधिकारी वेद प्रकाश कंबोज, अपर समाहर्ता नेल्सन एयोन बागे, अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद जावेद हुसैन आदि ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के उपरांत दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं के द्वारा स्वागत गीत गाकर उपस्थित सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं लोगों का स्वागत किया गया जिसके उपरांत जनजातीय गायन एवं नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
विधायक ममता देवी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस की सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झारखंड शहीदों की धरती है यहां के लोगों ने देश के लिए बहुत ही कुर्बानियां दी हैं उन लोगों में भगवान बिरसा मुंडा का नाम अग्रणी है। झारखंड राज्य के 21 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उन्होंने सभी से आंदोलनकारियों एवं शहीदों को नमन करने एवं उनके आदर्शों को अपने जीवन में शामिल करने की अपील की।
कार्यक्रम में विधायक मांडू विधानसभा जयप्रकाश भाई पटेल ने उपस्थित सभी अतिथि एवं अधिकारियों को बिरसा जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं दी। उन्होंने कोरोना के दौरान स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की साथ ही सरकार द्वारा चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान में शामिल सभी कर्मियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने रामगढ़ जिले के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने की सभी से अपील की।
उपायुक्त रामगढ़ माधवी मिश्रा ने सभी को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं अन्य लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य को स्थापित हुए 21 वर्ष हो चुके हैं इन 21 वर्षों में राज्य ने कई मुकाम हासिल किए हैं। आने वाला समय और भी बेहतरीन हो इसमें हमारा योगदान बहुत जरूरी है। उपायुक्त ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं द्वारा दी गई प्रस्तुति एवं अन्य कार्यक्रमों के प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम में नवनियुक्त शिक्षकों को उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। साथ ही पंचायती राज विभाग में नवनियुक्त कनीय अभियंताओं एवं लेखा लिपिकों को भी नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। वही कार्यक्रम में कोरोना महामारी के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के 4 लाभुकों को आवास निर्माण का कार्य पूर्ण होने पर गृह प्रवेश हेतु चाभी भी दी गई। वही कार्यक्रम में ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित उन्नति परियोजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली जेएसएलपीएस कि दीदियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।