नगरपालिका (आम एवं उप) निर्वाचन 2021 मतदाता सूची की तैयारी तथा त्रिस्तरीय पंचायत (आम) चुनाव 2021 के संबंध में बैठक संपन्न
गुमला : जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) सह उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में नगरपालिका (आम एवं उप) निर्वाचन 2021 मतदाता सूची की तैयारी तथा त्रिस्तरीय पंचायत (आम) चुनाव 2021 के संबंध में बैठक का आयोजन आटीडीए भवन स्थित उपायुक्त के कार्यालय प्रकोष्ठ में किया गया।
नगरपालिका (आम एवं उप) निर्वाचन 2021 बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी मोनिका रानी टूटी ने नगरपालिका (आम एवं उप) निर्वाचन 2021 के निमित्त मतदाता सूची की तैयारी के संबंध में जानकारी साझा करते हुए बताया कि गुमला नगर निकाय का चुनाव अगस्त माह में संभावित है। उन्होंने बताया कि गुमला नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 03 के वार्ड पार्षद की मृत्यु हो जाने के कारण एक पद रिक्त है, उक्त पद के निमित्त झारखंड नगरपालिका अधिनियम 2011 की धारा 555 एवं झारखंड नगरपालिका निर्वाचन तथा चुनाव याचिका नियमावली 2012 के नियम 11-17 तक वर्णित प्रावधानों के अनुरूप मतदाता सूची तैयार किया जाना है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची 2021 में अद्यतन किया जा चुका है। उक्त परिस्थिति के दृष्टिगत मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग झारखंड के द्वारा 01 जनवरी 2021 को अहर्ता तिथि मानकर अंतिम रूप से प्रकाशित झारखंड विधानसभा की अद्यतन फोटोयुक्त मतदाता सूची, जो राज्य निर्वाचन आयोग को डाटाबेस प्राप्त हुआ है, उक्त डाटाबेस के आधार पर नगरपालिका निर्वाचन के निमित्त मतदाता सूची को वार्डवार विखण्डित कर मतदाता सूची तैयार की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि नगरपालिका (आम एवं उप) निर्वाचन 2021 के निमित्त निर्वाची पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी की नियुक्ति कर ली गई है।
बैठक में उपायुक्त ने मतदाता सूची के विखण्डीकरण की जानकारी प्राप्त की। बताया गया कि 01 जनवरी 2021 को प्रकाशित किए गए झारखंड विधानसभा की अद्यतन फोटोयुक्त मतदाता सूची का विखण्डीकरण वार्ड संख्या 03 के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रांतर्गत किया जाएगा।
उपायुक्त ने वार्ड संख्या 03 में अवस्थित बूथों की जानकारी प्राप्त की। जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने बताया कि वार्ड नंबर 03 में 02 बूथ हैं। पहले बूथ में 608 तथा दूसरे बूथ में 315, कुल 923 मतदाता शामिल हैं। उपायुक्त ने विखंडीकरण के कार्य को संपादित करने के उद्देश्य से विगत नगरपालिका चुनाव में प्रतिनियुक्त कर्मचारियों के अतिरिक्त नगर परिषद के दो कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश जिला पंचायती राज पदाधिकारी को दिया।
बैठक में उपायुक्त ने मतदाता सूची की तैयारी के कार्यक्रम की समीक्षा की। जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने बताया कि 17 जून से 28 जून 2021 तक प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रवार मतदाता सूची का विखंडीकरण किया जाएगा। 29 जून को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। 10 जुलाई 2021 तक दावा एवं आपत्ति प्राप्ति एवं उनका निराकरण किया जाएगा। 14 जुलाई 2021 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा तथा 16 जुलाई 2021 तक अंतिम रूप से तैयार मतदाता सूची का सॉफ्ट कॉपी तथा डाटाबेस सीडी या डीवीडी में आयोग को उपलब्ध कराया जाएगा।
उपायुक्त ने जिला पंचायती राज पदाधिकारी को 17 जून से 28 जून तक चलने वाले मतदाता सूची के विखंडीकरण का कार्य नगर परिषद कार्यालय में संपादित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने विखंडीकरण हेतु निर्धारित समय सीमा के अंदर ही कार्य संपादित करने का भी निर्देश दिया। वहीं उपायुक्त ने नगरपालिका (आम एवं उप) निर्वाचन 2021 के निमित्त बज्रगृह एवं मतगणना केंद्र की स्थापना के संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद को सत्यापन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी को सत्यापन उपरांत मतदान केंद्रों की सूची भी आर.ई.ओ.को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
त्रिस्तरीय पंचायत (आम) चुनाव 2021
बैठक में उपायुक्त ने त्रिस्तरीय पंचायत (आम) चुनाव 2021 के निमित्त मतदान केंद्रों की स्थापना के पूर्व मतदान केंद्रों की संख्या का मिलान करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने जिला पंचायती राज पदाधिकारी को त्रिस्तरीय पंचायत (आम) चुनाव 2021 के निमित्त जिला स्तर पर डाटाबेस टीम के एक कोषांग का गठन करने का भी निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने मतपेटिकाओं की जानकारी प्राप्त की। बताया गया कि वर्तमान में मतदान पेटियां प्रखंड कार्यालय गुमला परिसर स्थित बज्रगृह में संग्रहित हैं। इसपर उपायुक्त ने जिला में मतपेटिकाओं की संख्या उपलब्ध कराने के संबंध में जिला पंचायती राज पदाधिकारी को बज्रगृह के वास्तविक स्थिति का आंकलन कर प्रतिवेदित करने का निर्देश दिया।
उपस्थिति
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) सह उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, अपर समाहर्त्ता सुधीर कुमार गुप्ता, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद सह सदर अनुमंडल पदाधिकारी रवि आनंद, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मोनिका रानी टूटी, उप निर्वाचन पदाधिकारी महेंद्र रविदास, सदर अंचलाधिकारी कुशलमय केनेथ मुण्डू, सिसई अंचलाधिकारी अरूणिमा एक्का, कंप्यूटर ऑपरेटर जिला निर्वाचन शाखा राजेश कुमार व अन्य उपस्थित थे।