गढ़वा से नित्यानंद दुबे की रिपोर्ट
गढ़वा : ई-पास के चेकिंग के दौरान गढ़वा-मेदनीनगर मुख्य मार्ग पर भीखी मोड़ के पास एक बाइक सवार युवक पुलिस जवान को तेजी से रौंदते हुए आगे निकल गया। मौके पर ही जवान की मौत हो गई है। इस क्रम में एक अन्य बाइक सवार युवक की भी जान चली गई। दो अन्य लोगों को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पलामू के छतरपुर का है मृत जवान
मृतक जवान की पहचान पलामू जिला के छतरपुर के 40 साल के प्रमोद राय के रूप में की गई है। मोटरसाइकिल सवार मृत युवक पलामू जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र के पथरा गांव का 26 साल का सुभाष कुमार है। घायलों में पहान पथरा गांव का 22 साल का क्रांति कुमार और 20 साल का छोटू कुमार है। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी श्रीकांत एस राव खोत्रे ने सदर अस्पताल पहुंचकर दुख प्रकट किया। लोगों से अपील की कि पुलिस आपकी सेवा में है। सब मदद करें। घटना के बाद पोस्टमार्टम कराकर मृत जवान के शव को उसके घर भेज दिया गया है। इधर, पुलिस मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि कुमार कुशवाहा ने कहा कि पुलिस कप्तान द्वारा अगर पहले से तैयारी कर बैरिकेडिंग व ब्रीफिंग जवानों के साथ की जाती, तो इस प्रकार की घटना नहीं घटती।