खूंटी: प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई नक्सलियों की खूंटी में अब खैर नही। गिरफ्तार होंगे या मारे जाएंगे की रणनीति पर खूंटी पुलिस अभियान चला रही है और लगातार खूंटी पुलिस को पीएलएफआई नक्सली संगठन के खिलाफ सफलताएं भी मिल रही है। रविवार को पीएलएफआई का हार्डकोर नक्सली लाका पहान दस्ते के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई। घंटो चली इस मुठभेड़ में लाका पहान अपने दस्ता सदस्यों के साथ भागने में कामयाब रहा लेकिन एक नक्सली बान्दू हस्सा को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार नक्सली के पास से पुलिस ने एक पिस्टल, 17 जिंदा कारतूस, AK-47 का 15 पीस खोखा, संगठन का 11 पीस चंदा रशीद और पंर्चा व 4 बाइक बरामद किया गया है।
पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि मुरहू थानांतर्गत बुरजु के आसपास पीएलएफआई का सबजोनल कमांडर लाका पहान अपने दस्ता सदस्यों के साथ लेवी वसूलने आने वाला है। एसपी को मिले सूचना पर एसपी ने तत्काल एक टीम का गठन किया। गठित टीम का नेतृत्व डीएसपी अमित कुमार अपने टीम के साथ बुरजु इलाके की घेराबंदी की। जैसे ही पुलिस पार्टी बुरजु इलाके से आगे बढ़ी तो लोआडीह गोआ मार्ग पर गुटिगढ़ा मोड़ के समीप नक्सलियों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोलियां चलाई। दोनों तरफ से चले मुठभेड़ के दौरान नक्सली घने जंगलों के फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहे लेकिन पुलिस ने भी उनका पीछा नही छोड़ा। भागते हुए एक नक्सली बान्दू हस्सा को गिरफ्तार कर लिया गया। जिसके पास से पुलिस ने एक पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किया। एसपी आशुतोष शेखर ने एक प्रेस रिलीज जारी कर इसका खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सली से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सली ने पुलिस को कई जानकारियां दी है। उसके आधार पर इलाके में अभियान चलाई जा रही है जल्द ही सफलता मिलने की संभावना है।
गौरतलब है कि पांच दिनों के भीतर खूंटी पुलिस ने दो इनामी नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। पहली गिरफ्तारी दो लाख का इनामी नक्सली सामुएल कंडुलना उर्फ चांगो उर्फ सामू चाचा को 16 मार्च को गिरफ्तार किया गया जबकि शनिवार यानी कल 20 मार्च को 2 लाख के इनामी एरिया कमांडर सनिका उर्फ चोयता उर्फ मोरहा को गिरफ्तार किया गया था।
छापेमारी टीम में डीएसपी अमित कुमार, मुरहू थानेदार विक्रांत कुमार, पुअनि बिट्टू रजक, पुअनि संदीप कुमार, पुअनि रितेश कुमार महतो समेत मुरहू थाना रिजर्व गार्ड के सैट 104 (जैप 7 हजारीबाग) एवं जिला पुलिस बल के जवान शामिल थे।