रामगढ़ से वली उल्लाह की रिपोर्ट
रामगढ़ : जिला स्थित सदर अस्पताल को भारत सरकार के मानकों के आधार पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने तथा बेहतर कायाकल्प के लिए राज्य में प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया है, जो पूरे रामगढ़ जिले के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। सदर अस्पताल को कायाकल्प अवार्ड के साथ 25 लाख की राशि केंद्र सरकार द्वारा दी गई है, जिससे हॉस्पिटल में और बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे। उपायुक्त के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने कोरोना महामारी के दौर में भी रामगढ़ का नाम रोशन किया है, इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। मैं सभी का खुले मन से अभिनंदन करती हूं। उक्त बातें रामगढ़ विधायक ममता देवी ने कहीं।
उन्होंने कहा कि यह झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन तथा स्वास्थ्य मंत्री बनना गुप्ता के सहयोग और रामगढ़ उपायुक्त तथा सिविल सर्जन, पूर्व सिविल सर्जन एवं सभी स्वास्थ्य कर्मियों के अथक प्रयास से ही संभव हो पाया है। खास कर के स्वास्थ्य विभाग मे कार्य कर रहे स्वास्थ्य कर्मी और सफाई कर्मी के मेहनत का नतीजा है कि आज रामगढ़ सदर को प्रथम पुरस्कार मिला है। अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव व सिजेरियन ऑपरेशन के दौरान बेहतर सुविधा मुहैया कराई गई है। आने वाले भविष्य में हम सभी मिलकर जनता को इससे भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराएंगे।
ममता देवी ने कहा कि पुरस्कार राशि का 25 प्रतिशत कर्मचारियों को इंसेंटिव के रूप में दिया जाना सराहनीय कदम है। शेष पैसे से हॉस्पिटल में अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कोरोना महामारी जैसी विषम परिस्थिति में हमारी सरकार रामगढ़ सहित राज्य के हॉस्पिटलों में जरूरी मूलभूत सुविधा उपलब्ध करा रही है। ज्यादा से ज्यादा लोगों की जान बचाई जा सके इसलिए कई काम किए गए। हॉस्पिटल में अविलंब इलाज की व्यवस्था की गई थी। मुख्यमंत्री जी ने लॉकडाउन का फैसला लिया और धीरे-धीरे परिस्थितियां बदल गई। आज हमारी सरकार राज्य के सवा तीन करोड़ जनता के सहयोग से कोरोना महामारी के चीन को तोड़ने में सफल हुई है। झारखंड में संक्रमित लोगों की संख्या में कमी आई है। आज हॉस्पिटल में हाहाकार नहीं है। कोविड केयर हॉस्पिटलों में बेड खाली हैं। हमारी सरकार ने कोरोना महामारी में बेहतर काम किया है, जिसकी चर्चा देश और दुनिया में है।