ज्ञान सेतु कार्यक्रम की प्रगति की भी हुई समीक्षा
रांची: बुढ़मू प्रखण्ड के पंचायत समिति सदस्यों की बैठक प्रखंड प्रमुख सुमन देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें विभागवार योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में जल शक्ति अभियान के तहत मनरेगा और आदिवासी विकास समिति से टीसीबी/एफबी योजना की जानकारी प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी और प्रखण्ड समन्वयक द्वारा संयुक्त रूप से समिति के सदस्यों को दी गयी और जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया। प्रखण्ड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार ने मौजूद जनप्रतिनिधियों को अधिक से अधिक पेड़- पौधा लगाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही जल स्रोत संचय पर भी जोर दिया गया। प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी ने फसल बीमा योजना की जानकारी देते हुए सदस्यों से अधिक से अधिक जानकारी फैलाने और संबंधित लाभुक से आवेदन भरवाने में सहयोग का अनुरोध किया। प्रखण्ड पशुपालन पदधिकरी ने बताया कि पशुओं में लंगड़ा बुखार एवं गलाघोंटू रोग से बचाव के लिये प्रखंड में पशु टीकाकरण अभियान शुरू हो गया है। उन्होंने ये भी बताया कि इस अभियान में चार माह से बड़े पशुओं को एचएस और बीक्यू का टीका निःशुल्क लगाया जाएगा। शिक्षा विभाग की ज्ञानसेतु कार्यक्रम में अब तक किए गए कार्यो की प्रगति की समीक्षा की गई। प्रखण्ड प्रमुख ने ज्ञान सेतु कार्यक्रम के अन्तर्गत प्रखण्ड में किये गये अब तक के प्रयासों एवं उपलब्धि के बारे में चर्चा की। समीक्षा के क्रम में ज्ञान सेतु कार्यक्रम को बेहतर तरीके से क्रियान्वित करने का निर्देश दिया गया। वन विभाग के अधिकारियों के अनुपस्थित रहने के कारण प्रखंड में हाथियों द्वारा किये गए क्षति पर प्रभावितों को राहत पहुंचाने पर चर्चा नहीं की जा सकी, जिस पर समिति द्वारा क्षोभ व्यक्त किया गया।