– कृषि विज्ञान केंद्र में अंतर्राष्ट्रीय जल दिवस पर आयोजित किया गया कार्यक्रम
गोड्डा: जीवीटी-कृषि विज्ञान केंद्र, गोड्डा के सभागार में “अन्तर्राष्ट्रीय जल दिवस” मनाया गया। इस समारोह में मुख्य अतिथि गोड्डा नगर परिषद् के अध्यक्ष जितेन्द्र मंडल, विशिष्ट अतिथि, सैदापुर पंचायत की मुखिया रीता देवी, जिला कृषि पदाधिकारी डाॅ रमेश चन्द्र सिन्हा, पशुपालन पदाधिकारी, उप परियोजना निदेशक, आत्मा, राकेश कुमार सिंह उपस्थित हुए। अतिथियों एवं किसानों का स्वागत वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डाॅ रविशंकर ने किया। नगर अध्यक्ष ने आह्वान किया कि हम सभी लोगों को अपने-अपने घरों के पानी को घर में ही संचय करना चाहिए तथा सड़क पर पानी नहीं बहने देना चाहिए। घर बनाते समय 30 प्रतिशत क्षेत्रफल में जल संंरक्षण का उपाय करना चाहिए। उन्होंने नगर परिषद् द्वारा तालाबों का गहरीकरण की भी बात कही, जो पूर्व के वर्षों में की गई है।
मुखिया रीता देवी ने भी जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला।
वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डाॅ रविशंकर ने किसानों को जल संरक्षण के लिए खेती में मल्चिंग, ड्रिप सिंचाई तथा स्प्रिंकलर विधि अपनाने पर बल दिया। सभी वक्ताओं ने वर्षा जल को जब भी हो, जहां भी हो, उसको संरक्षित करने पर बल दिया। सभी पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं किसानों ने जल संरक्षित करने का शपथ लिया। कार्यक्रम में कृष्णा मुर्मू, बाबूलाल मुर्मू, रानी हेम्ब्रम, इन्दुवती देवी, होपना बेसरा समेत 70 महिला-पुरूष किसान सम्मिलित हुए।