रांची: आज भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, झारखंड राज्य परिषद की अहम बैठक सीपीआई राज्य कार्यालय, रांची में वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता सूरजपत सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मुख्य रुप से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय सचिव रमेंद्र कुमार मौजूद थे। सर्वप्रथम किसान आंदोलन में शहीद किसानों के संकल्प को पूरा करने के लिए एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित किया गया। बैठक के बाद प्रेस वार्ता में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा कि किसान संगठनों के आह्वान पर 26 मार्च के भारत बंद का भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, झारखंड राज्य परिषद, पूर्ण समर्थन करती है। भाकपा पूरी क्षमता के अनुकूल सड़कों पर उतर कर काले कानूनों का विरोध करेगी और बंद को सफल बनाएंगे। किसान संगठनों ने भाकपा एवं सभी धर्मनिरपेक्ष दलों को बंद का समर्थन करने की अपील की है। मेहता ने राज्य में बड़े पैमाने पर हो रहे जमीन की लूट की जांच की भी मांग की। उन्होंने कहा कि देश महंगाई से कराह रहा है। सरकार की हठधर्मिता के कारण किसान महीनों से सड़कों पर हैं। तीन सौ के लगभग किसान शहीद हो चुके हैं लेकिन सरकार पांच राज्यों के होने वाले चुनाव में मदमस्त है। देश के किसान, मजदूर, छात्र नौजवान सभी सरकार की नीतियों से तबाह हैं। बैंक, एलआईसी, जीआईसी एवं सार्वजनिक संस्थाओं को सरकार बेचने पर आमादा है, इसीलिए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी पूरे राज्य में गांव से लेकर प्रमंडल तक किसान पंचायत का आयोजन करेगी। 17 मई को रांची के मोराबादी मैदान में किसान समन्वय संघर्ष समिति के बैनर तले किसान महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। प्रेस वार्ता में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव भुवनेश्वर प्रसाद मेहता, सहायक सचिव महेंद्र पाठक, नेता राजेंद्र यादव, पीके पांडे, इंद्रमणि देवी, सुशील स्वतंत्र, अजय कुमार सिंह सहित कई लोग मौजूद थे।