खूंटी: कांग्रेस पार्टी के सेवा दल के राष्ट्रीय सचिव सह झारखण्ड प्रभारी देवेन्द्र कुमार शर्मा ने आज सेवादल के मुख्य संगठक नेली नाथन और प्रदेश उपाध्यक्ष जयप्रकाश के साथ खूँटी पहुँचे। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सह झारखण्ड प्रभारी के खूँटी आगमन पर सेवादल के जिलाध्यक्ष नरेश तिर्की की अगुवाई में आगंतुकों का पुष्पगुच्छ देते हुए अंगवस्त्र प्रदान कर स्वागत किया गया। इस कार्यक्रम की शुरुआत वन्देमातरम गान गाकर की गयी।
खूंटी परिसदन में एक प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर कांग्रेस सेवा दल के राष्ट्रीय सचिव देवेंद्र शर्मा ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा मोदी सरकार के कुशासन में कोरोना काल के दूसरी लहर मे आमजनों की आकाल मौते हुई। कोरोना काल मे हर स्तर पर हुई व्याप्त भ्रष्टाचार, अंग्रेजो की स्टाईल में बनाई गई कृषि कानून, महंगाई, जीएसटी, नोटबन्दी सब के सब मोदी सरकार की तानाशाही रवैये को दर्शाता है। इससे कांग्रेस पूरी तरह चिंतित है। उन्होंने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी अकेले संसद में अपनी आवाज बुलंद करते रहे है। लगातार राहुल गांधी किसानो के मुद्दों और पेगासस के मुद्दों पर केंद्र सरकार पर हमलावर रहे है। अब जरूरत इस बात की है कि अब कांग्रेस का सेवा दल संगठित होकर केंद्र सरकार की तुगलकी फरमानों का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए विशेष रणनीति के तहत काम करेगी।
पूरे देश मे व्यापक स्तर पर कांग्रेस सेवा दल अपने संगठन का विस्तार करेगी और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच मोदी सरकार के तानाशाही रैवये को उजागर करेगी। मोदी सरकार पूरी तरह से विफल है यह जनता की सरकार नही है बल्कि अडानी अम्बानी जैसे बड़े घरानों की पैरोकार है। पूंजीपतियों और बडी कंपनियों के लिए ही कोल्ड स्टोरेज और कृषि कानून बन रहे है। जमीन से जुड़े किसानों के लिए कृषि कानून नही है। रोजगार और शिक्षा के मसले पर भी केंद्र सरकार फेल है। एक साथ मोदी सरकार ने संसद में 19 प्रस्ताव पारित कर दिया। आज तक देश के इतिहास में 19 प्रस्ताव एक साथ पारित नहीं किया गया। ऐसा कर मोदी सरकार देश को खतरनाक मोड़ पर लाकर खड़ा किया है। इससे देश का भला होने वाला नही है। मोदी सरकार के तानाशाही रवैये को जनता समझ चुकी है। जनभावनाओं को समझते हुए कांग्रेस सेवा दल सांगठनिक रूप से राहुल गांधी की आवाज से आवाज मिलाएगी और सड़क से सदन तक मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेगी। कांग्रेस सेवा दल अब चुप नहीं बैठेगी जब तक मोदी सरकार को उखाड़ न फेंके।
कांग्रेस की नेलीनाथन ने कहा कि सेवा कार्य के द्वारा संगठन को बढ़ाया जा सकता है। इसके लिए प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसी क्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामकृष्ण चौधरी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा समाज की सेवा के लिए तत्पर रहती है। लोगों को अच्छी सुविधा और लाभ कैसे मिले इस पर कार्य करते आ रही है। कार्यक्रम को जयप्रकाश, विक्रम सिंह आदि ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष नरेश तिर्की ने किया।
इस कार्यक्रम में कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष नेलीनाथन, प्रदेश उपाध्यक्ष जयप्रकाश, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामकृष्ण चौधरी, महासचिव पीटर मुंडू, नरेश तिर्की, मिनाक्षी तोपनो, सिब्लू खान, अनमोल होरो, जेवियर होरो , रवि होरो आदि उपस्थित थे।