– 7 अगस्त को आयोजित किया जाएगा मंडल दिवस कार्यक्रम
गोड्डा: ओबीसी मोर्चा की जिला समिति के मुख्य संरक्षक प्रोफेसर प्रेम नंदन कुमार ने कहा है कि मंडल कमीशन द्वारा 40 अनुशंसा की गई थी। तत्कालीन प्रधानमंत्री वीपी सिंह द्वारा मात्र दो अनुशंसा को लागू किया गया जबकि 38 अनुशंसा अभी तक लागू नहीं की गई है। उन्होंने सरकार से बाकी बचे 38 अनुशंसाओं को जल्द लागू करने की मांग की है।
श्री कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा, झारखंड प्रदेश के निर्देशानुसार 7 अगस्त को पूर्वाहन 11:30 बजे जिला मुख्यालय के अशोक स्तंभ (गांधी मैदान के पास) पर राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा द्वारा एक दिवसीय कार्यक्रम मंडल दिवस कार्यक्रम आहूत किया जाएगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यह है कि तत्कालीन प्रधानमंत्री वीपी सिंह के द्वारा मंडल कमीशन के मात्र दो अनुशंसा को लागू किया था, जबकि मंडल कमीशन द्वारा ओबीसी समुदाय के सर्वांगीण विकास के लिए 40 अनुशंसाएं की गई थी। लेकिन अन्य 38 अनुशंसाओं को लगभग 30 वर्ष बीत जाने के बाद भी पूर्ववर्ती या वर्तमान सरकार ने लागू करने का काम नहीं किया, जो काफी खेद का विषय है। इन्हीं बचे हुए शेष 38 अनुशंसाओं को लागू कराने के लिए 7 अगस्त को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में मंडल दिवस का कार्यक्रम रखा गया है। इस कार्यक्रम में ओबीसी समुदाय के सभी जनप्रतिनिधि, सरकारी एवं गैर सरकारी पदाधिकारी, अन्य कर्मी गण, सभी व्यवसायी , बुद्धिजीवी, छात्र-छात्राएं एवं अन्य सभी लोग उपस्थित होंगे।