नितेश रंजन की रिपोर्ट
पथरगामा: गुरुवार को पथरगामा स्थित नंदेश्वर नाथ महादेव मंदिर प्रांगण के चंद्रकूप से 65 वर्षीया एक महिला की लाश बरामद की गई है। लाश पथरगामा निवासी इन्द्रदेव साह की पत्नी कुसमी देवी की है।
कूप में लाश की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बलिराम रावत पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पंहुचे। ग्रामीणों के सहयोग से लाश को चंद्रकूप से निकाला गया। लाश से गंध आना शुरू हो गया था।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक महिला दो दिनों से घर से गायब थी। मृतक महिला के पुत्र संजय साह ने गायब होने की सूचना पथरगामा थाने में दी थी। मृतका के पुत्र ने थाना में दिए गए आवेदन में लिखा था कि उसकी मां मंगलवार की सुबह से घर में बिना किसी को बताए गायब थी। गुरुवार को महिला का शव चंन्द्रकूप मे मिला। बगल में बच्चे खेल रहे थे। खेलने के दौरान गेंद चंद्रकूप में गिर गया। एक बच्चा देखने के लिए गया तो देखा कि लाश तैर रहा है। बताया जाता है कि मृतका का मानसिक संतुलन ठीक नही था। उसका इलाज भी चल रहा था। लाश मिलने से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।