प्लस टू हाई स्कूल में किया गया पौधरोपण
कटकमसांडी : मुख्यालय अवस्थित प्लस टू हाई स्कूल के परिसर में शिक्षक-शिक्षिका व छात्र- छात्राओं ने विभिन्न प्रजातियों के करीब 50 पौधे लगाए। इस दौरान नीम, गम्हार, शीशम, एकेशिया आदि का पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर प्राचार्या डा. शिखा खाखा ने कहा कि पेड़-पौधे प्राकृतिक धरोहर के साथ साथ पृथ्वी का श्रंगार है, जिसे सुरक्षित एवं संरक्षित रखना हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने आगे बताया कि ग्लोबल वार्मिंग से बचने के लिए वृक्षारोपण बेहद जरूरी है। वहीं वरिष्ठ शिक्षक विजय मसीह ने कहा कि पर्याप्त वर्षा के लिए पौधरोपण जरूरी है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर हमें शुद्ध आक्सीजन देती है। इसलिए हमें अधिक से अधिक पौधरोपण कर क्षेत्र को हरा भरा बनाने पर जोर देना चाहिए। उन्होंने छात्र छात्राओं को सम्बोधित कर कहा कि बढ़ते प्रदूषण से पर्यावरण को हो रहे नुकसान को हम पौधे लगाकर ही कम कर सकते हैं। शिक्षक उत्तम सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तापमान व वर्षा में लगातार हो रहे कमी एक गंभीर वैश्विक समस्या बन चुकी है। उन्होंने बताया कि जल संरक्षण के लिए भी पौधरोपण करना बेहद जरूरी है। पौधरोपण कार्यक्रम में प्राचार्या डा. शिखा खाखा, विजय मसीह, इमरान हुसैन अयूबी, उत्तम सिंह, अशोक कुमार, सदा सदफ, जा़हिदा बानो, अजय कुमार बैठा, जि़या अली खान, भारती नायक, सरोज कुमार, कंचन कुमार, अनिरूद्ध प्रसाद ओझा आदि शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारियों सहित छात्र-छात्राएं शामिल थी।