गोड्डा:कोरोना के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर उपायुक्त भोर सिंह यादव के निर्देशानुसार जिले में लगातार मास्क चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। प्रत्येक प्रखंडों के विभिन्न चौक चौराहों पर यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों एवं सुरक्षाकर्मियों के द्वारा जिले के विभिन्न प्रखंडों के चौक-चोराहों पर मास्क और वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान वैसे वाहन चालकों को दण्डित किया गया, जिन्होंने मास्क, हेलमेट नहीं लगाया था। साथ ही ऐसे लोगों पर अर्थदण्ड लगाया गया।
अभियान को लेकर उपायुक्त भोर सिंह यादव ने कहा कि वर्तमान में कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए हम सभी को अत्यंत सजग एवं सावधान रहने की आवश्यकता है। अनावश्यक अपने घरों से नहीं निकलें।घर से जब भी निकलें ट्रैफिक नियमों का पालन करें तथा मास्क अवश्य पहनें। कहा कि लोगों को जागरूक करने एवं मास्क पहनकर हीं घरों से बाहर निकलने की प्रवृति को बढ़ावा देने हेतु जिला प्रशासन द्वारा मास्क और वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस प्रकार के अभियान के संचालन का मुख्य उद्देश्य लोगों को कोरोना वायरस से बचाव हेतु मास्क पहनने की अनिवार्यता के प्रति सजग करना है, ताकि कोई भी व्यक्ति बिना मास्क पहने घर से बाहर न निकलें एवं इसकी अहमियत को समझें। इसमें सभी लोगों का सहयोग अपेक्षित है।