अभय पलिवार की रिपोर्ट
गोड्डा: हज पर जाने वालों के लिए खुशखबरी है। बीते दो वर्ष से कोरोना के कारण हज यात्रा पर लगा ग्रहण समाप्त हो गया है।हज कमेटी ऑफ इंडिया ने सोमवार को मुम्बई में हज 2022 की घोषणा करते हुए सर्कुलर जारी कर दिया है। जारी सर्कुलर के अनुसार, एक नवंबर 2021 से 31 जनवरी 2022 तक हज यात्रा पर जाने के इच्छुक हज यात्री ऑनलाइन हज फार्म भर सकते हैं।
यह जानकारी झारखंड राज्य हज समिति के चेयरमैन सह विधायक डॉ इरफान अंसारी ने दुरभाष पर देते हुए कहा कि विगत दो वर्षों से लोग हज यात्रा पर जाने से महरूम थे। उनके लिए बहुत ही खुशी का मौका है कि वह अपने रब घर मक्का शरीफ और रौजा ए रसुल की जियारत कर सकेंगे।
विधायक डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि हज आवेदन कर्ताओं को कोविड -19 का डबल डोज टीका हज यात्रा से दो महीने के भीतर का लेने का प्रमाण पत्र देना होगा। हज यात्रियों के लिए उम्र सीमा 65 वर्ष निर्धारित की गई है। साथ ही पासपोर्ट भी अनिवार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि हज यात्रा पर जाने के इच्छुक लोग तैयारी करना आरंभ कर दें और जल्द पासपोर्ट बनवा लें।
विधायक डाक्टर अंसारी ने कहा कि झारखंड के हज यात्रियों के इस बार विशेष सुविधा और सहायता पहुंचाने के लिए राज्य हज समिति हर मुमकिन कोशिश करेगी।