पौधे लगाएं-वृक्ष बचाएं, जीवन में खुशहाली लाएं : प्राचार्य
कटकमसांडी : पौधे लगाएं-वृक्ष बचाएं, जीवन में खुशहाली लाएं को एक अभियान बनाकर बिरसा मिशन इंटर कालेज के शिक्षक व छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय के प्रस्तावित भूमि पर विभिन्न प्रजातियों के करीब डेढ़ सौ पौधे को लगाया। इस दौरान नीम, गम्हार, जामुन, एकेशिया का पौधरोपण किया गया। इसके बाद महाविद्यालय प्रांगण में पर्यावरण संरक्षण विषय आधारित संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ अजीत कुमार दास ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण करना हर नागरिक का कर्तव्य है। वर्षा की मात्रा में वृद्धि, जलवायु परिवर्तन व सुखाड़ की समस्या से निपटने के लिए आवश्यक है कि अधिक से अधिक पौधरोपण किया जाय और उसे संरक्षित रखने का संकल्प लिया जाय। उन्होंने यह भी कहा कि पृथ्वी पर वृक्षों की हरायाली से जीवन में खुशहाली आएगी। संगोष्ठी को सम्बोधित कर उप प्राचार्य कविता मूर्ति ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण से पर्यावरण को हो रहे नुकसान को हम पौधे लगाकर ही कम कर सकते हैं। साथ ही जल संरक्षण को बल मिलता है। उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता तापमान व वर्षा में कमी गंभीर वैश्विक समस्या बन गई है। आज सम्पूर्ण विश्व पानी की कमी व पर्यावरण की समस्या से जूझ रही है। पौधरोपण कार्यक्रम में प्रो. साहिद हुसैन, सद्दाम हुसैन, संजय ओरिया, लक्ष्मी कुमारी, सुनीता केरकेट्टा, अनीता टोप्पो, सावित्री कुमारी, खुशबू कुमारी, सुनैना कुमारी, पिंकी कुमारी, उत्तम कुमार दास, दीपक केरकेट्टा सहित दर्जनों छात्र छात्राएं शामिल थी।