– झमरिया नदी में डूबने से हुई घटना
विजय कुमार की रिपोर्ट
मेहरमा : ठाकुरगंगटी थाना क्षेत्र के चंदा पंचायत अंतर्गत झमरिया नदी में डूबने से पिता और 8 वर्षीय पुत्री की मौत हो गई। घटना गुरुवार की है।
बताया जाता है कि सन्हौली- बाघाकोल गांव के नजदीक बहने वाली झमरिया नदी के पास हिजरी गांव के रहने वाले सुबान हेब्रम (40) अपनी 8 वर्ष की पुत्री सुनीता हेब्रम को कंधे पर लेकर नदी में बना बियर पार कर रहा था। उसी दौरान पिता का अचानक पैर फिसल गया, जिससे गहरे पानी में दोनों डूब गए। इस दर्दनाक घटना को देख गांव के ही अन्य लोग नदी के आसपास शोरगुल करने लगे। कुछ लोगों ने नदी में उतर कर दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों गहरे पानी में डूब चुके थे। घटना की सूचना पर आसपास के सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। कई लोगों ने नदी में घंटों तक कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को नदी से बाहर निकाला। लेकिन दोनों की मौत हो चुकी थी।
मौत की सूचना पाकर ठाकुरगंगटी थाना की पुलिस पहुंची और घटना की जानकारी ली। इधर मौत से पूरा परिवार सदमे में है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक अपने गांव में ही मजदूरी का काम कर परिवार का भरण पोषण करता था। मृतक को दो पुत्र और एक पुत्री है। जिसमें पुत्री की पानी में डूबने से मौत हो गई। पिता- पुत्री की दर्दनाक मौत से गांव के आसपास के गांव में भी गम का माहौल है। देखने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधियों की उनके घर पर कतार लग गई थी। परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। मृतक की पत्नी बिटी मुर्मू ने लिखित आवेदन पुलिस को देकर पोस्टमार्टम नहीं कराने की बात कही। जिस पर पुलिस ने उनके आवेदन को स्वीकार कर कागजी कार्रवाई के बाद शव को परिजनों के जिम्मा सौंप दिया गया। इस मौके पर ठाकुरगंगटी थाना के एएसआई एनके गोंड, घनश्याम राय, मुखिया योगेश यादव, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष अवधेश ठाकुर समेत अन्य लोग उपस्थित थे।