विजय कुमार की रिपोर्ट
मेहरमा : ठाकुरगंगटी उत्तरी क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य निरंजन पोद्दार ने प्रखंड वासियों को अपने निजी फंड से एक एंबुलेंस की सौगात दी है। रविवार को अपने निजी आवासीय कार्यालय परिसर से एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर जनता को समर्पित किया।
इस मौके पर जिला परिषद सदस्य श्री पोद्दार के अलावे ठाकुरगंगटी के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी मेघनाथ उरांव, प्रखंड प्रमुख मुन्नी देवी, चपरी पंचायत के मुखिया प्रफुल्ल महतो, अमरपुर पंचायत के मुखिया अशोक कुमार महतो, चांदा पंचायत के मुखिया योगेश यादव, मानिकपुर पंचायत के मुखिया पति इग्निशियस मुर्मू ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर एंबुलेंस को रवाना किया।
जिला परिषद सदस्य श्री पोद्दार ने बताया कि पिछले दो वर्षों से कोरोना महामारी को देखते हुए उन्होंने महसूस किया कि क्षेत्र के जनता को एम्बुलेंस सेवा बेहद जरूरी है। प्रखंड में एंबुलेंस नहीं रहने की स्थिति में जरूरतमंदों को वक्त पर काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसलिए उन्होंने खुद निर्णय लेकर निजी राशि से एंबुलेंस वाहन खरीद कर लोगों को समर्पित कर दिया। गरीब एवं बेसहारा परिवारों के लिए एंबुलेंस सेवा निःशुल्क होगा। सामान्य मरीजों को बाहर ले जाने के लिए भी सुविधा मुहैया कराई जाएगी। जिन्हें भी एंबुलेंस वाहन की आवश्यकता पड़े बेफिक्र होकर एंबुलेंस चालक के मोबाइल नंबर- 9199713400 पर संपर्क कर सकते हैं। एंबुलेंस की चाभी चालक के पास ही रहेगा।
उन्होंने बताया कि एंबुलेंस वाहन का मेंटेनेंस कैसे होगा, प्रखंड की जनता इस पर निर्णय लेगी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बेसहारा और गरीब तीन दर्जन से अधिक लोगों के बीच सुखा राशन सामग्री पैकेट का भी वितरण किया गया। इस मौके पर मनमीत पोद्दार, रंजन ठाकुर, प्रणव सिंह, अशोक राम, हीरालाल शाह, नागेंद्र राम समेत दर्जनों लोग उपस्थित थे।