रामगढ़: बृहस्पतिवार को उपायुक्त रामगढ़ माधवी मिश्रा ने जिला समाहरणालय के सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उपायुक्त माधवी मिश्रा ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों से परिचय उपरांत हो रहे विकास कार्यों की समीक्षा की।
जिले में मनरेगा के तहत संचालित बागवानी योजना सहित अन्य योजनाओं के तहत हो रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को मनरेगा के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में रह रहे योग्य लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हो रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को नियमित रूप से उनके क्षेत्रों में हो रहे कार्यों की समीक्षा करने एवं लंबित आवासों का कार्य जल्द से जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को उनके क्षेत्रों से संबंधित जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र की भी समीक्षा करने एवं ससमय प्रमाण पत्र निर्गत करने का निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को उनके उनके क्षेत्रों में चल रहे आधार केंद्रों का संचालन ससमय करने का निर्देश दिया।
अंचल कार्यालयों से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी मो जावेद हुसैन ने सभी अंचल अधिकारियों को उनके अंचलों में कार्यरत कर्मियों के साथ नियमित रूप से बैठक करने एवं लंबित मामलों की समीक्षा करने तथा उनका निष्पादन करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को म्यूटेशन कार्यों पर विशेष ध्यान देने एवं सरकार द्वारा निर्धारित तय समय सीमा में मामलों का निष्पादन करने का निर्देश दिया।
बैठक मे उप विकास आयुक्त नागेंद्र कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद जावेद हुसैन, जिला भू अर्जन पदाधिकारी श्रीमती लिली एनोला लकड़ा, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी डीआरडीए मनरेगा, सहायक जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।