मयूरहंड(चतरा)। मयूरहंड थाना क्षेत्र के इटखोरी-जीहू मार्ग पर दनदाहा घाटी में पिकअप वाहन बीआर 02 बीपी 4395 व मोटरसाइकिल की सिधी टक्कर में घायल दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर सहायक अवर निरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह घटना स्थल पर पहुंचकर सड़क किनारे पड़े एक युवक को प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ केंद्र इटखोरी भेजा। जिसे चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया। वहीं दो घंटे बाद पुलिस को सड़क किनारे एक डोभा में तैरते सन्नी कुमार सिंह पर पड़ी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए हजारीबाग भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं दुसरे युवक अशोक कुमार की भी मौत इलाज के दौरान सदर अस्पताल हजारीबाग में हो गई। मृतक कदगावां कला पंचायत के कुम्हारी गांव के सैलेश कुमार सिंह के पुत्र सन्नी कुमार 20 वर्ष तथा अकलु ठाकुर के पुत्र अशोक कुमार 28 वर्ष है। प्राप्त जानकारी अनुसार मृतक सन्नी आर्मी में दौड़ व शारीरिक दक्षता निकाल चुका था। दोनों युवक अपने निजी कार्य से हजारीबाग जा रहे थे। दोनों युवकों के मौत से परिजनों का जहां रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है।