भगवान बिरसा मुण्डा की 121वीं पुण्यतिथि पर उपायुक्त ने उनके प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
पाकुड़ः धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के 121 वें पुण्यतिथि के अवसर पर बिरसा चौक पाकुड़ स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर उपायुक्त कुलदीप चौधरी, आईटीडीए निदेशक मो० शाहिद अख्तर, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ० चंदन सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारियों ने माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित किया।
इस अवसर पर उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने भगवान बिरसा मुण्डा को स्मरण करते हुए कहा कि भारतीय इतिहास में बिरसा मुण्डा एक ऐसे जननायक थे, जिन्होंने झारखंड में अपने क्रांतिकारी चिंतन से आदिवासी समाज की दशा और दिशा बदलकर नवीन सामाजिक तथा राजनीतिक युग का सूत्रपात किया। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की बलि दी थी। उन्होंने आगे कहा कि झारखंड के नवनिर्माण में भगवान बिरसा मुण्डा हमेशा प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। भगवान बिरसा मुण्डा के आदर्शों पर चलकर ही झारखंड की सभ्यता एवं संस्कृति की रक्षा की जा सकती है। उन्होंने आगे कहा कि भगवान बिरसा मुण्डा के आदर्श हमारे जीवन के लिए प्रेरणादायक हैं।
भगवान बिरसा मुण्डा का अदम्य साहस, समर्पण एवं बलिदान से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए तथा समाज के प्रति अपनी नैतिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। इसके साथ ही उनहोंने कहा कि भगवान बिरसा मुण्डा का जीवन प्रेरणास्रोत है जिस प्रकार उन्होंने अपने अदम्य साहस के बल पर अंग्रेजों से लोहा लिया था। उन्होंने झारखंड में न सिर्फ आजादी की लड़ाई लड़ी किंतु आदिवासी समाज की दशा-दिशा बदलने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।