बरही से बिपिन बिहारी पाण्डेय
बरही : बरही के भंडारो पंचायत अंतर्गत बैरिसाल गांव में बूंदाबांदी बारिश के दौरान ही मेघ गर्जन के साथ वज्रपात हुई। जिसमें बैरिसाल ग्राम निवासी तुलसी यादव की 55 वर्षीय पत्नी देवंती देवी की मौत हो गई। बताया जाता है कि देवंती देवी गुरुवार संध्या समय जानवर चरा रही थी। तभी बूंदाबांदी बारिश शुरू हुई, जिसे देखते ही वह वापस अपना घर वापस लौट रही थी। इसी दौरान आकाशीय बिजली ने उसे आगोश में ले लिया, जिसे गुरुवार रात्रि करीब 8 बजे अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दौरान गांव की कुछ महिलाएं घटनास्थल के पास ही बैठी थी जो बाल बाल बची। ग्रामीणों ने बताया कि व्रजपात के दौरान उत्पन्न तेज ध्वनि के कारण एक महिला सीतवा देवी कुछ देर के लिए बेहोश भी हो गई थी, कुछ देर बाद उसे होश आया। जो सकुशल घर वापस पहुंची। इस व्रजपात के दौरान गांव के ही राम जीत साव की दो बकरियों भी मरी है। बरही थाना की पुलिस ने शुक्रवार को मृतका देवंती देवी के शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद उनके परिजनों को सौंपा। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। भंडारो पंचायत के मुखिया सकलदेव यादव ने शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर ढांढस देते हुए शोक संवेदना व्यक्त किया है।