इसे भी पढ़ें: विधवा के साथ दुष्कर्म, हल्ला करने पर पहुंचे ग्रामीण, फिर जानिये आरोपी के साथ क्या हुआ
खूंटी: हेमंत सरकार के खिलाफ भाजपा ने आज खूंटी बाजारटांड़ से मेन रोड होते हुए आक्रोश रैली निकालकर जमकर झारखंड सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और खूंटी समाहरणालय के सामने प्रदर्शन किया। रांची सांसद संजय सेठ ने हेमंत सरकार को अली बाबा चालीस चोर कहा।
जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हेमंत सरकार को भ्रष्ट सरकार कहा, जो सरकार निकम्मी है वो सरकार बदलनी है, झारखंड सरकार मुर्दाबाद जैसे नारे लगाए। आक्रोश रैली में भाजपाईयों ने हेमंत सरकार गद्दी छोड़ो के नारे लगाकर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया।
रांची सांसद संजय सेठ ने झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ये सरकार तीन साल में जो जो वायदे कर सत्ता में आयी उस वायदे पर अमल नहीं किया।
ये सरकार जनहित की सरकार नहीं है ये सरकार अली बाबा चालीस चोर की सरकार है। इस सरकार से बेरोजगार नाराज, युवा नाराज, महिलाएं नाराज व्यापारी नाराज, किसान नाराज, छात्र नाराज।
जैसे ही हेमंत सरकार आयी सबसे पहला काम किसानों पर बुलडोज़र चला दिया। किसानों को केंद्र से मिलने वाली किसान सम्मान निधि पर रोक, किसानों को अच्छी बीज नही, धान खरीद पर घोटाला, धान खरीद पर किसानों को छह छह माह से पैसा नहीं दिया।
स्थानीय विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि झारखंड सरकार में हमारी बेटी बहनों के साथ अत्याचार जैसी घटनाएं बढ़ी हैं। यहां के खनिज संपदा को जल मार्ग से बाहर भेजने का काम वर्त्तमान सरकार ने किया।
वर्त्तमान सरकार के तीन साल में झारखंड में सरकार अपने वायदे पर विफल साबित हुई। यह सरकार लूट खसोट की सरकार है। राज्य की विधि व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है।
रैली सह प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण इलाकों से भाजपा की महिला कार्यकर्त्ता भी जुटी थीं। आक्रोश रैली के कारण खूंटी चाईबासा सड़क मार्ग कुछ देर जाम रहा। खूंटी में आज भाजपा की जिलास्तरीय आक्रोश रैली में रांची के सांसद संजय सेठ, खूंटी विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा और तोरपा विधायक, प्रदेश मंत्री भुनेश्वर साहू व जिला प्रभारी सत्यनारायण सिंह, जनजातीय मोर्चा के प्रदेश महामंत्री जगरनाथ मुंडा, किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष काशीनाथ महतो के अलावा कई भाजपा नेता शामिल थे।