गोड्डा: महंगाई, बेरोजगारी, जीएसटी आदि के मुद्दे पर कांग्रेस के आह्वान पर आयोजित देशव्यापी प्रदर्शन कार्यक्रम के दौरान शुक्रवार को जिला के महागामा क्षेत्र की विधायक सह अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव दीपिका पांडेय सिंह ने राज्य की राजधानी रांची में आहूत राजभवन घेराव कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर की अगुवाई में आहूत राजभवन घेराव कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक दल के नेता सह राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम, विधायक दीपिका पांडेय सिंह समेत पार्टी के अन्य विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी शामिल थे।
प्रदर्शन के दौरान राजभवन के पास बैरिकेडिंग तोड़ते हुए कांग्रेसी नेता राजभवन के समक्ष पहुंच गए थे। राजभवन के समक्ष कांग्रेसी नेताओं ने धरना दिया एवं केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर रांची पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, विधायक दीपिका पांडे सिंह समेत अनेक नेताओं को गिरफ्तार कर लिया।
मौके पर विधायक श्रीमती पांडे ने केंद्र सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया। कहा, पीठ पर वार करने वालों के मंसूबे कामयाब नहीं होंगे। केंद्र सरकार की तानाशाही एवं अन्याय के खिलाफ अब जनक्रांति छिड़ गई है। संघर्ष से ही अन्याय का अंत करेंगे ।