07 मार्च तक मांगें पूरी न होने पर 08 मार्च विधानसभा घेराव करने का किया एलान
सरायकेला: झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन जिला इकाई द्वारा सोमवार को जिला मुख्यालय में अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन कर राज्य सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया गया। झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन जिलाध्यक्ष प्रकाश पूर्ति ने बिहार के तर्ज पर झारखंड के भी होमगार्ड जवानों को मानदेय सहित अन्य सुविधाएं दिए जाने की मांग की। उन्होंने कहा अगर अब भी सरकार इनकी मांगों पर विचार नहीं करती है, तो आगामी 08 मार्च को राज्य के सभी गृह रक्षक राजधानी रांची पहुंच विधानसभा का घेराव करेंगे। गौरतलब है, कि विगत कई वर्षों से झारखंड के होमगार्ड जवान बिहार के तर्ज पर मानदेय, ग्रेच्युटी, समान काम के बदले समान वेतन, नियमित ड्यूटी सहित कई अन्य मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। हर बार सरकार की ओर से उन्हें निराशा ही हाथ लगी है। अंततः उन्होंने अब सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। धरने पर बैठे झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष प्रकाश पूर्ति ने बताया, कि अब आर- पार की लड़ाई होगी। कहा कि राज्य सरकार को 07 मार्च तक का मोहलत देते हुए कहा है, कि अगर 07 मार्च तक सरकार उनकी मांगों को नहीं मानती है, तो 08 मार्च को राज्यव्यापी आंदोलन के तहत विधानसभा का घेराव किया जाएगा। मौके पर प्रशांत मंडल,विजय प्रमाणिक,विश कुमार सिंहदेव,सुखराम महतो,शुधीर कुमार,मनीष प्रसाद,तपन साहू,अरुण दास,माधुरी महतो,ईशा दास व प्रदीप पोद्दार समेत अन्य उपस्थित थे।