बुंडू। रांची के बुंडू नगर क्षेत्र में स्थित इंदिरा गांधी आवासीय उच्च विद्यालय के हॉस्टल परिसर में गुरुवार को कोरोना जांच शिविर में 83 लोगों की जांच की गई। इसमें 24 छात्राओं सहित एक अन्य स्टाफ कोरोना पॉजिटिव पाया गया। यह जानकारी होते ही शिक्षा विभाग व विद्यालय में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार बुधवार की दोपहर में कुछ छात्राओं को सर्दी, खांसी और बुखार आ रहा था। इसे देखते हुए विद्यालय की वार्डन कुछ छात्राओं को जांच के लिए बुंडू अनुमंडल अस्पताल ले गईं। यहां जांच में चार छात्राएं कोरोना पॉजिटिव पाई गईं। इसे देखते हुए बुंडू बीडीओ, सीओ एवं अनुमंडलीय अस्पताल उपाधीक्षक गुरुवार को विद्यालय पहुंचे और हॉस्टल परिसर में कोरोना जांच कैंप लगाकर 83 छात्राओं की जांच की। इसमें विद्यालय की एक महिला गार्ड सहित 24 छात्राएं कोरोना पॉजिटिव पाई गईं। इसके अलावा अनुमंडल अस्पताल में जांच के क्रम में गुरुवार को अस्पताल टोली से एक एवं बुंडू प्रखंड कार्यालय से एक कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इससे पूर्व बुधवार को काॅलेज रोड से एक कोरोना मरीज पाया गया था। इन 2 दिनों में बुंडू नगर क्षेत्र में 32 कोरोना पॉजिटिव पाए गए।अनुमंडल अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डाॅ. विजय प्रसाद ने बताया कि सभी कोरोना पॉजिटिव मरीजों को क्वारंटाइन में रहने का निर्देश दिया गया है। साथ ही उच्च पदाधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है। बुंडू अंचलाधिकारी राजेश डुंगडुंग ने बताया कि हॉस्टल की सभी संक्रमित छात्राओं को हॉस्टल में ही आइसोलेशन में रखकर इलाज किया जा रहा है। पूरे हॉस्टल एवं विद्यालय परिसर को सैनिटाइज किया गया। नगर क्षेत्र में संक्रमित लोगों को घर में ही आइसोलेशन करा दिया गया है। इधर, बुंडू प्रखंड में इस महामारी को रोकने के लिए कई ठोस कदम उठाने की बात अधिकारियों द्वारा कही गई है, लेकिन नगर में 32 कोरोना संक्रमित पाए जाने से लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।