पथरगामा: प्रखंड के परसपानी गांव में दुर्गा पूजा के चन्दा को लेकर आपसी विवाद में खूनी संघर्ष हो गया। विजयादशमी को चंदा के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान चाकूबाजी की घटना भी हुई। घटना में पांच लोगों के घायल होने की खबर है। एक की स्थिति गंभीर बताई जाती है।
मारपीट की घटना में चंचल महतो गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि चंचल महतो के पेट में चाकू लगी है। सभी घायलों मोहन महतो, मदन महतो, दीपक महतो आदि को स्थानीय लोगों की मदद से गोड्डा अस्पताल ले जाया गया। चंचल महतो की गंभीर स्थिति को देखते हुए भागलपुर रेफर किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार की रात लगभग साढ़े सात बजे की बताई जा रही है। घटना का मुख्य कारण दुर्गा पूजा में चंदा को लेकर विवाद था।
गांव में दुर्गा पूजा के अवसर पर प्रतिमा स्थापित होती है एवं मेला का आयोजन होता है। पूजा कमिटी वाले जब रमेश महतो के घर के सामने लगी दुकान पर चन्दा लेने गया तो घर मालिक रमेश महतो से विवाद हो गया। विवाद ने विकराल रूप ले लिया और घटना चाकूबाजी तक पहुंच गई, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पर पथरगामा सीओ और पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। पथरगामा थाना के अवर निरीक्षक रुपेश कोठारी भी दल बल के साथ मौजूद रहे। घटना में शामिल लोगों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर मुफस्सिल थाना ले गई l इधर शनिवार को मुफस्सिल पुलिस ने मारपीट के आरोपी के घर छापेमारी की है । छापेमारी के दौरान कुछ आपत्तिजनक हथियार बरामद होने की सूचना है।