देश में भारतीय समाजवाद लाना होगा। विदेशी समाजवाद से देश का भला नहीं होगा। यूपी में मुलायम के बाद अखिलेश व बिहार में लालू के बाद तेजस्वी क्या यह वंशवाद नहीं है। उक्त बातें अखिल हिंद फॉरवर्ड ब्लॉक के राष्ट्रीय महामंत्री देवव्रत विश्वास ने शनिवार को रामकनाली में शहीद सुशांतो सेनगुप्ता की याद में आयोजित संकल्प सभा में कहीं।
उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा जेल का सौभाग्य है कि चार-चार मुख्यमंत्री इस जेल में रहे। कहा कि झंडा लाल होने से कोई भी पार्टी मजदूरों, किसानों गरीब की पार्टी नहीं हो जाती है। जो शोषण उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष करता है, वही लाल झंडा की पार्टी है। सुशांतो ने यहां वर्षो से दलित शोषित की आवाज बुलंद की तो साम्राज्यवादी ताकतों ने उसकी हत्या करवा दी। लेकिन व्यक्ति मरने से आंदोलन खत्म नहीं होता है। बल्कि और उग्र होता है।
पूर्व मंत्री अपर्णा सेनगुप्ता ने कहा कि चुनाव में हार-जीत मायने नहीं रखता। मैंने अपने कार्यकाल में विकास को धरातल पर उतार कर एक रेखा खींची है। वर्तमान विधायक विकास का एक भी कार्य बताएं, जिसे उन्होंने धरातल पर उतारा है। जब राज्य डोमिसाइल की लड़ाई से जल रहा था, तब जनता की मांग पर सुशांतो ने जल दो जेल दो का आंदोलन चलाया।
उपमेयर नीरज सिंह ने कहा कि जहां बड़े-बड़े भ्रष्ट नेता जेल जा रहे हैं, वैसे समय में अपर्णा सेनगुप्ता पर 107 का भी मामला नहीं है। सभा को जनार्दन पांडे, चिरकुंडा नगर पंचायत के अध्यक्ष डबलू बाउरी, नरेश मरांडी, मोफिज साहिल, भाकपा माले नेता उपेन्द्र सिंह, वरुण सरकार, इलियास अंसारी, गौतम सेनगुप्ता ने संबोधित किया।
सभा के पूर्व हरियाजाम मैदान से सैकड़ों की संख्या में फाब्ला कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में रामकनाली स्थित शहीद स्थल पहुंचे और सुशांतो सेनगुप्ता को श्रद्धाजंलि दी। मौके पर विमल चक्रवर्ती, काकुली मुखर्जी, नव गोराई, सानू चौधरी, सफीर खान, लखी सिन्हा, द्विजपदो मंडल, राजू महतो मौजूद थे।