खूंटी संसदीय सीट से भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा उम्मीदवार अर्जुन मुंडा और इंडिया गठबंधन से कांग्रेस प्रत्याशी कालीचरण मुंडा एक ही दिन पर्चा भरेंगे।
दोनों 23 अप्रैल को पर्चा दाखिल करेंगे और इसी दिन दोनो पार्टियां लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ पदयात्रा भो करेंगे। नामांकन से पूर्व दोनो राष्ट्रीय पार्टी पदयात्रा के बहाने शक्ति प्रदर्शन करेंगे जिसकी तैयारी दोनो पार्टियों ने शुरू कर दी है। नामांकन के दिन भाजपा और कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर कर बड़े नेताओं का भी आगमन हुआ है और अपने अपने प्रत्याशियों को जिताने के लिए कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
खूंटी लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन की तारीख पहुंचने से पूर्व राष्ट्रीय और क्षेत्रीय राजनीतिक दलों की सरगर्मी बढ़ गयी है। भाजपा ने खूंटी लोकसभा के लिए केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा को प्रत्याशी बनाया है वहीं राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी ने कालीचरण मुंडा को एक बार फिर प्रत्याशी बनाया है।
दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के कार्यकर्त्ता नामांकन को लेकर व्यापक तैयारी में जुटे हैं। भाजपा और कांग्रेस के चुनावी कार्यालयों में गहमा गहमी देखी जा रही है। खूंटी तोरपा, तमाड़, कोलेबीरा, सिमडेगा और खरसांवा से भी बड़ी संख्या में नामांकन के दिन 23 अप्रैल को राजनीतिक दलों के कार्यकर्त्ताओं के जुटने की उम्मीद है।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा ने बताया कि 23 अप्रैल को नामांकन की तिथि निश्चित की गई है लेकिन नामांकन के वक्त कांग्रेस समर्थक कहां जुटेंगे और पैदल मार्च करेंगे यह अभी तय नहीं किया गया है। नामांकन के वक्त पूरे लोकसभा के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्त्ता खूंटी पहुंचेगे। उन्होंने कहा कि लोग जुटेंगे पैदल मार्च करेंगे लेकिन इसे शक्ति प्रदर्शन नहीं कहा जा सकता मीडिया चाहे जो कहे।
उधर भाजपा के जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर गुप्ता ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी के नामांकन की तिथि भी 23 अप्रैल को निर्धारित की गई है। सभी जिलों से कार्यकर्त्ता खूंटी आएंगे और नामांकन में शामिल होंगे। पूरे लोकसभा में उत्साह का माहौल है कार्यकर्त्ता जोर शोर से तैयारी में जुटे हैं। पैदल मार्च की योजना बनाई जा रही है प्रदेश स्तर के भाजपा के पदाधिकारी भी शामिल होंगे।
जिला प्रशासन से अनुमति मिलने पर सभा का आयोजन भी किया जाएगा और राष्ट्रीय स्तर के नेता संबोधित करेंगे। अभी सभा स्थल का चयन नहीं किया गया है।
नामांकन के बाद लोकसभा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा के हाथ को कैसे मजबूत बनाएंगे इसकी रणनीति तय की जाएगी। नामांकन के दूसरे दिन से ही चुनावी दौरा का आगाज होगा और आमजनता से भाजपा को जीत दिलाने की अपील की जाएगी।